प्रयागराज में यमुना नदी में शुक्रवार की सुबह एक युवक डूब गया। उसे नदी से मशक्कत के बाद बाहर तो निकाला गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। दुर्घटना नैनी में अरैल घाट पर हुआ। युवक अपने दोस्तों के साथ यमुना स्नान को गया था। किनारे लगी बैरिकेडिग पर चढ़ते समय पैर फिसलने से वह गहरे पानी में गिरकर डूबने लगा। दास्तों ने शोर मचाया तो लोगों का उसकी ओर ध्यान गया।
नैनी के अरैल घाट पर हुई दुर्घटना
नैनी के रामनगर मोहल्ला निवासी रमेश बाबू का 18 वर्षीय पुत्र अभिषेक दिवाकर बाबू शुक्रवार की सुबह चार दोस्तों के साथ अरैल घाट पर यमुना नदी में स्नान करने गया था। स्नान के दौरान घाट के किनारे लगे बैरिकेडिंग पर वह चढ़ने लगा। उसी दौरान उसका पैर फिसल गया, जिससे वह गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देख दोस्तों ने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास स्नान कर रहे लोगों ने अभिषेक को बचाने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो सके।