पीलीभीत में एक सप्ताह से लापता किशोर का शव बुधवार को एक कुएं में पड़ा मिला। जिससे ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान लापता किशोर के रुप में की है। मामले में जहां किशोर की हत्या करने की आशंका जताई जा रही है। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव जिरौनियां की है। जहां रहने वाले भूपराम का पुत्र मूलचंद 15 जुलाई को सुबह दस बजे घर से बाइक पर सवार होकर अपने साथी नरेश के साथ शहर आया था। जिसके बाद नरेश तो गांव लौट आया लेकिन मूलचंद नहीं लौटा। नरेश ने उसके परिजनों को बताया कि मूलचंद ने अपनी बाइक उसे देकर गांव पहुंचने के लिए कहा।वह खुद गांव के निकट ही रुक गया था। इसी के बाद मूलचंद लापता हो गया। परिजनों ने तहरीर देकर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
बुधवार को सुबह गांव के पास ही एक कुआं में उसका शव पड़ा देखा गया इससे पूरे गांव में खलबली मच गया। दरअसल शव कई दिन पुराना होने के कारण आसपास दुर्गंध फैली तब लोगों ने झांककर कुआं में देखा। सूूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कुएं से निकलवाकर पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। मृतक के मुंह में कपड़ा ठुंसा था और हाथ भी बंधे हुए थे।
इससे हत्या करके शव कुआं में डालने की आशंका लग रही है। परिजनों ने भी हत्या की आशंका जताई है। घटना की सूचना पाकर बीसलपुर के सीओ भी गांव पहुंचे और मृतक के स्वजनों से जानकारी ली। थाना प्रभारी निरीक्षक कमल सिंह यादव का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा रहे हैं। वैसे प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। जिस युवक के साथ मूलचंद शहर गया था, उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।